NEW DELHI इजराइली हमले में ईरान के ड्रोन कमांडर की मौत
अब तक 12 अफसर मारे गए ट्रम्प बोले- इजराइल से जंग रोकने को नहीं कहूंगा

NEW DELHI- इजराइल-ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 9वां दिन है। इस बीच इजराइल ने ईरान के ड्रोन कमांडर अमीन पोर जोदखी को हवाई हमले में मारने का दावा किया है। इससे पहले इजराइल ने 13 जून को ड्रोन यूनिट के चीफ ताहर फुर को मारा था। इसके बाद से जोदखी के पास ही ड्रोन यूनिट की जिम्मेदारी थी।

इजराइल अब तक ईरान के 12 से ज्यादा सैन्य अफसरों को मार चुका है। इसमें ईरानी सेना के चीफ मोहम्मद बाघेरी, IRGC चीफ होसैन सलामी समेत कई और बड़े नाम हैं।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वे इजराइल को जंग रोकने के लिए नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल इजराइल जंग में आगे है। ऐसे में अगर कोई जीत रहा है तो उसे रोकना मुश्किल है।
ईरान ने शनिवार सुबह इजराइल में तेल अवीव समेत दूसरे शहरों पर मिसाइल हमले किए। वहीं, इजराइल ने भी जवाबी हमला करते हुए ईरान में कोम, इस्फहान में मिसाइल हमले किए। इसमें 2 लोगों की मौत हुई है और 4 घायल हैं।
बीते 8 दिनों में इजराइल में 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 900 से ज्यादा घायल हुए हैं। वहीं ईरान में 657 लोगों की मौत हुई है और 2000 से ज्यादा घायल हैं। यह आंकड़ा वॉशिंगटन स्थित ईरानी ह्यूमन राइट्स ग्रुप ने दिया है।


